Home Education Pariksha Pe Charcha 2026: परीक्षा पे चर्चा आज, PM मोदी छात्रों से...

Pariksha Pe Charcha 2026: परीक्षा पे चर्चा आज, PM मोदी छात्रों से करेंगे संवाद, जानें कब और कहां देखें लाइव

22
0
Filmitics
Pariksha Pe Charcha 2026: परीक्षा पे चर्चा आज, PM मोदी छात्रों से करेंगे संवाद, जानें कब और कहां देखें लाइव

नई दिल्ली। विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से बाहर निकालने और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ (Pariksha Pe Charcha 2026) आज आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का यह 9वां संस्करण सुबह 10 बजे शुरू होगा, जिसमें प्रधानमंत्री छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे।

इस बार ‘परीक्षा पे चर्चा’ नए स्वरूप में आयोजित की जा रही है। पहले जहां यह कार्यक्रम दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम तक सीमित रहता था, वहीं अब प्रधानमंत्री देश के विभिन्न हिस्सों के विद्यार्थियों से सीधे मुलाकात कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर और गुवाहाटी के छात्रों से संवाद किया। इसके अलावा कुछ चयनित छात्रों को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) पर उनसे मिलने का अवसर भी मिला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि इस वर्ष का कार्यक्रम कई रोचक और उपयोगी विषयों पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन्हें होनहार विद्यार्थियों से संवाद का अवसर देता है, जिसे वह हमेशा पसंद करते हैं।

रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन

इस वर्ष कार्यक्रम को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। अब तक 4.5 करोड़ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जो पिछले साल बने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी ज्यादा बताया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार 4.19 करोड़ से ज्यादा छात्र, 24.84 लाख शिक्षक, और लगभग 6.15 लाख अभिभावक इस पहल से जुड़ चुके हैं। यह भागीदारी दर्शाती है कि परीक्षा के दबाव को कम करने के लिए यह कार्यक्रम कितना लोकप्रिय हो चुका है।

कहां देखें लाइव प्रसारण?

आज होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के DD National, DD News और DD India, ऑल इंडिया रेडियो, शिक्षा मंत्रालय के YouTube चैनल, Facebook Live और MyGov.in पोर्टल पर किया जाएगा। इसके अलावा कई निजी टीवी चैनल भी इसका लाइव प्रसारण करेंगे। कार्यक्रम को SonyLIV, Prime Video और Zee5 जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी देखा जा सकेगा।

‘एग्जाम वॉरियर्स’ अभियान का हिस्सा

‘परीक्षा पे चर्चा’ केंद्र सरकार की एग्जाम वॉरियर्स पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव और दबाव से मुक्त करना है। फरवरी के मध्य से सीबीएसई सहित विभिन्न बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, जबकि अप्रैल में जेईई मेन जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं भी आयोजित होंगी। ऐसे समय में यह संवाद छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। इस कार्यक्रम में छठी कक्षा से ऊपर के छात्र, शिक्षक और अभिभावक हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र और भविष्य के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर भी दिया जाता है। यह चर्चा केवल परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए भी छात्रों को प्रेरित करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here