Home Breaking News पीएम मोदी नए और आधुनिक भारत के निर्माता:सीएम योगी आदित्यनाथ

पीएम मोदी नए और आधुनिक भारत के निर्माता:सीएम योगी आदित्यनाथ

39
0

मेरठ, 22 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी बताया। रविवार को मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल संपूर्ण कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो के लोकार्पण अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन की आज पूरी दुनिया सराहना कर रही है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर करीब 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी) तक नमो भारत खंड का उद्घाटन करते हुए दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल का संपूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी लंबी मेरठ मेट्रो सेवा की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मेरठ मेट्रो में यात्रा भी की तथा दिव्यांग बच्चों, स्कूली विद्यार्थियों और मेडिकल छात्रों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली से पहले मेरठ को यह बड़ा उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी तय करने में 4 से 5 घंटे लगते थे, लेकिन अब 12 लेन एक्सप्रेसवे और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक परियोजनाओं से यह दूरी 45-50 मिनट में तय की जा सकेगी। सीएम ने कहा कि नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं आज भारत की नई पहचान बन चुकी हैं।

सीएम योगी ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के डिजिटल विजन की प्रशंसा की। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के वक्तव्य का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 140 करोड़ लोगों की डिजिटल पहचान और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की सराहना की, जिससे 50 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास परियोजनाओं की जिस गंभीरता से समीक्षा करते हैं, उतनी कोई मंत्री भी अपने विभाग की नहीं करता। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 50वीं प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की जा चुकी है।

सीएम ने कहा कि दशकों से लंबित 85 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पिछले 10 वर्षों में धरातल पर उतरी हैं। सीएम योगी ने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि यह अप्रैल तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इसके लोकार्पण का अनुरोध किया। साथ ही गौतम बुद्ध नगर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए भी प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने मेरठ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए क्रांतिनायक धन सिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, शाहमल और मातादीन वाल्मीकि को नमन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here