सीएम धामी के उत्तरकाशी दौरे को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, वीवीआईपी ड्यूटी पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बुधवार को प्रस्तावित उत्तरकाशी भ्रमण एवं कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सुचारु एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी में वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार एवं पुलिस उपाधीक्षक चम्बा महेश लखेडा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पूर्ण सतर्कता बरती जाए। सुरक्षा प्रबंधन, एरिया डोमिनेशन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, हेलीपैड सुरक्षा, कानून-व्यवस्था संधारण, अराजक तत्वों पर पैनी नजर, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर समय से तैनात रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीवीआईपी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।







