Home Uttar Pradesh शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सिरप विवाद पर गरमाई सियासत, सीएम योगी...

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सिरप विवाद पर गरमाई सियासत, सीएम योगी और अखिलेश के बीच तकरार

43
0

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन कोडिनयुक्त कफ सिरप के मुद्दे को लेकर सियासी माहौल गरमा गया, विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की, जिसके जवाब में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा स्वयं संभाला और सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी सदन को दी।

सीएम योगी का विपक्ष पर तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में “दो नमूने” हैं एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में बैठा है। उन्होंने कहा कि जब देश में किसी विषय पर चर्चा होती है, तो ये लोग देश छोड़कर बाहर चले जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब देश कठिन समय से गुजरता है, तब दिल्ली और पटना में बैठने वाले लोग विदेश चले जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “आपके बबुआ के साथ भी यही होगा, वे भी इंग्लैंड सैर-सपाटे पर निकल जाएंगे और आप लोग यहां चिल्लाते रह जाएंगे।”

अखिलेश यादव का पलटवार

मुख्यमंत्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी, अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा “आत्म-स्वीकृति! किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई यहाँ तक पहुँच जाएगी, संवैधानिक पदों पर बैठे लोग आपस में कुछ तो लोक-लाज रखें और मर्यादा की सीमा न लांघें। भाजपाई अपनी पार्टी के अंदर की खींचातानी को चौराहे पर न लाएं, कहीं कोई बुरा मान गया तो वापस जाना पड़ेगा।”

राजनीतिक बयानबाजी तेज

इस बयानबाजी के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर तीखी बहस देखने को मिल रही है, कफ सिरप मामले से शुरू हुआ मुद्दा अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है, जिस पर आने वाले दिनों में सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here