कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। इस बार मुद्दा है अमेरिका के साथ चल रही टैरिफ डील। राहुल ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “पीयूष गोयल चाहे जितना सीना ठोक लें, मेरी बात लिख लीजिए, मोदी ट्रंप की टैरिफ डेडलाइन के सामने चुपचाप झुक जाएंगे।”
यह बयान ऐसे वक्त आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क को लेकर तनाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत समेत 100 देशों पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दे चुके हैं। भारत पर 26% टैरिफ लगाया गया था, जिसे 90 दिनों के लिए टाल दिया गया था। अब यह छूट 9 जुलाई को खत्म हो रही है, जिससे डील को लेकर हलचल तेज हो गई है।
क्या बोले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल?
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत कोई भी व्यापार समझौता अपनी शर्तों पर करता है। अमेरिका, यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड, चिली जैसे देशों के साथ बातचीत जारी है। सरकार तब ही कोई डील करती है जब वह देश के हित में हो। उन्होंने साफ कहा, “हम किसी डेडलाइन के दबाव में नहीं आते।”
विपक्ष का आरोप – सरकार झुकेगी अमेरिका के आगे
राहुल गांधी के इस बयान से विपक्ष ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि मोदी सरकार अमेरिका के दबाव में समझौता कर सकती है। अब सबकी नजरें 9 जुलाई की डेडलाइन और भारत की अगली रणनीति पर टिकी हैं।







