अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर आए कोर्ट के फैसले के बाद भारत की राजनीति भी गरमा गई है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ को अवैध बताते हुए रद्द कर दिया, जिसके तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया।अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह से शुल्क लागू करने का अधिकार नहीं था।
ALSO READ सीएम योगी ने 2.51 लाख किसानों को बीमा क्षतिपूर्ति व 3500 परिवारों को सहायता राशि वितरित की

हालांकि फैसले के कुछ ही समय बाद ट्रंप ने फिर से वैश्विक स्तर पर 10 प्रतिशत टैरिफ लागू करने की घोषणा कर दी और नए आदेश पर हस्ताक्षर करने की बात कही। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और अब सच्चाई सामने आ रही है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री दोबारा मजबूती से बातचीत नहीं कर पाएंगे और एक बार फिर झुकने की स्थिति में आ सकते हैं। कांग्रेस पार्टी लंबे समय से आरोप लगाती रही है कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी गई। संसद से लेकर सार्वजनिक मंचों तक इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होती रही है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर कई दौर की बातचीत के बाद 7 फरवरी को आधिकारिक घोषणा की गई थी। समझौते के तहत भारतीय कृषि उत्पादों को अमेरिकी बाजार में जीरो टैरिफ के साथ निर्यात की अनुमति मिली है, जबकि भारत ने अमेरिकी कृषि उत्पादों को टैरिफ में बड़ी राहत नहीं दी है। केंद्र सरकार का कहना है कि इस समझौते से भारतीय किसानों और डेयरी सेक्टर के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं।







