देश की राजनीति में इन दिनों बयानबाज़ी का ऐसा दौर चल पड़ा है, मानो हर सियासी बहस का केंद्र अब एक ही समाज बन गया हो—ब्राह्मण। संतोष वर्मा के विवादित बयान से उपजी नाराज़गी अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि अब नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ के ताज़ा बयान ने इस आग में घी डाल दिया है।
चंद्रशेखर आजाद ने न सिर्फ संतोष वर्मा के बयान का खुला समर्थन किया, बल्कि इसे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों से जोड़ते हुए सामाजिक एकता और शादियों तक की बात छेड़ दी। उन्होंने कहा कि “जब तक आपस में रिश्तेदारी और शादियां नहीं होंगी, तब तक देश में सच्ची एकता संभव नहीं है”—और यही नहीं, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि संतोष वर्मा ने कुछ भी गलत नहीं कहा। इसके बाद उन्होंने सीधे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री को निशाने पर लेते हुए सवाल खड़ा कर दिया—जो दूसरों का भविष्य बताते हैं, वे दिल्ली की आतंकी घटना क्यों नहीं देख पाए? फिर बात को और आगे ले जाते हुए उन्होंने दलित-ब्राह्मण विवाह का मुद्दा उछाल दिया, यहां तक कह दिया कि अगर धीरेंद्र शास्त्री दलित बेटी से शादी करना चाहें तो वे इसके लिए तैयार हैं।
अब चंद्रशेखर आजाद के इन बयानों ने एक बार फिर देश का सामाजिक और सियासी तापमान बढ़ा दिया है। ब्राह्मण संगठनों में नाराज़गी है, सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ है और सवाल उठ रहा है—क्या यह सामाजिक सुधार की बहस है या सस्ती सियासत का नया हथियार?आप इस पूरे विवाद को कैसे देखते हैं—साहसी सच, भड़काऊ बयान या जानबूझकर खींची गई सामाजिक लकीर?अपनी राय ज़रूर दीजिए।







