मेरठ में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम ने मंच से बाबरी मस्जिद के मुद्दे और अंतरराष्ट्रीय हालातों को लेकर तीखा बयान दिया, अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश में दोबारा बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी, उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के बाद अब किसी भी तरह से बाबर या आक्रांताओं के नाम पर कोई ढांचा खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
संगीत सोम ने कहा कि सनातनी समाज ने भगवान राम के मंदिर के लिए सदियों तक इंतजार किया और लंबे समय तक बाबरी मस्जिद को एक “कलंक” के रूप में देखा, उनका कहना था कि अब देश में ऐसी किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा, उन्होंने समर्थकों से आह्वान किया कि यदि कहीं बाबरी मस्जिद के नाम पर नींव रखने की बात भी होती है, तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाए।
मीडिया से बातचीत में सोम ने इजराइल-ईरान संघर्ष का भी जिक्र किया, उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग अपने देश और नेतृत्व की सुरक्षा नहीं कर पाए, वे भारत में धार्मिक मुद्दों को उठाने की बात कर रहे हैं, उनके इस बयान पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
इसके साथ ही उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया,संगीत सोम ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर राज्य में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और वह प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक पहचान के मुद्दों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगी, होली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक माहौल भी देखने को मिला, जहां सांस्कृतिक उत्सव के बीच भविष्य की राजनीति और धार्मिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की गई।







