Mulayam Singh Yadav Birth Anniversary: धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव(Mulayam Singh Yadav) की जयंती पर उनके भाई और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव(Shivpal Yadav) ने भावनात्मक पोस्ट कर उन्हें याद किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी सिर्फ हमारे परिवार का ही हिस्सा नहीं थे बल्कि वे संघर्ष का वह दीप थे। उन्होंने कई नौजवानों के जीवन में रोशनी की।
नेताजी हमारे लिए केवल परिवार नहीं थे- शिवपाल
शिवपाल यादव ने कहा, “धरती पुत्र नेताजी की जयंती पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि। नेताजी हमारे लिए केवल परिवार नहीं थे—वे संघर्ष का वह दीप थे जिसने करोड़ों कमजोर, गरीब, किसान-मज़दूर और नौजवानों के जीवन में उजाला किया। उनकी सादगी, उनका अनुशासन, उनका अपार जनस्नेह—हर बार याद दिलाता है कि राजनीति जनता की सेवा का तप है, और यह मार्ग उन्होंने अपने पूरे जीवन से दिखाया।
नेताजी अपने विचारों में अमर हैं– शिवपाल
उन्होंने कहा कि आज भी जब किसी अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठती है, तो सबसे पहले नेताजी की सीख, उनका साहस और उनका समाजवादी संकल्प याद आता है। उनकी विरासत ही हमारे संकल्प की शक्ति है—समाजवाद, समानता और न्याय की लड़ाई को और मज़बूती से आगे बढ़ाने की। शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी अमर हैं—अपने विचारों में, अपने संघर्षों में, और करोड़ों दिलों में।
CM Yogi ने दी श्रद्धांजलि
बता दें कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की 22 नवंबर को जयंती मनाई जाती है। मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा के सैफई में हुआ था। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ(CM Yogi Adityanath) ने सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्हें श्रद्धाजंलि दी है। उन्होंने लिखा- “पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!”







