लखनऊ। जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो इनामी अभियुक्त पुलिस हिरासत से चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया और बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया।
पेट दर्द का बहाना बनाकर हवालात से फरार
जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अतुल उर्फ इंद्र कपूर ने हवालात के अंदर अचानक पेट दर्द की शिकायत की। इस पर ड्यूटी पर तैनात पहरा संतरी ने हवालात का दरवाजा खोल दिया।
दरवाजा खुलते ही अतुल और उसके साथी रकीब ने संतरी से धक्का-मुक्की कर दी और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
Also Read-यूट्यूबर अनुराग डोभाल आईसीयू में भर्ती, पत्नी और दोस्त अस्पताल पहुंचे
फरारी की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप
दोनों आरोपियों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। हेड मुहर्रिर ने तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
खेत में घेराबंदी कर दोनों गिरफ्तार
पुलिस और एसओजी की टीम ने सघन तलाश अभियान चलाते हुए चौधरी लॉन के पीछे स्थित खेत में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरारी के महज दो घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोनों को दोबारा हिरासत में ले लिया।
दोनों पर थे 25-25 हजार रुपये के इनाम
गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के नीबी दोहनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
अतुल उर्फ इंद्र कपूर पर जिले के विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
रकीब के खिलाफ भी 6 मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों पर पहले से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस पर हमला और हिरासत से भागने का मुकदमा दर्ज
पहरा संतरी की तहरीर पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ शोहरतगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(2), 262 और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले से हवालात में थे बंद
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने 7 मार्च की शाम को ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने की हवालात में रखा था। फरारी की कोशिश के बाद अब उनके खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में भी कार्रवाई की गई है।







