उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में 1 दिसंबर को एनएच-9 हाईवे किनारे खेत में काले रंग के सूटकेस में मिले महिला के कंकाल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है, यह मामला एक सुनियोजित ब्लाइंड मर्डर का निकला, जिसे पिलखुवा पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में उजागर किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान झारखंड के केरया कुडपानी गांव की रहने वाली युवती सोनिया के रूप में हुई है, इस हत्याकांड में पति-पत्नी अंकित कुमार और उसकी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली को गिरफ्तार किया गया है, जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित ने सोनिया के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जब सोनिया ने इसकी शिकायत पुलिस से करने की धमकी दी, तो आरोपी दंपति ने मिलकर लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि 1 दिसंबर की दोपहर एक किसान ने एनएच-9 के किनारे खेत में बंद पड़े काले सूटकेस की सूचना पुलिस को दी थी, सूटकेस खोलने पर महिला का कंकाल मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था।
इसके बाद पुलिस ने कई स्तरों पर जांच शुरू की और दिल्ली-एनसीआर तक छानबीन की इसी दौरान दिल्ली के विवेक विहार थाने में दर्ज एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से अहम सुराग मिला, एक घर में काम करने वाली मेड ने पुलिस को बताया कि उसने एक युवती की हत्या होते देखी थी, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दंपति झारखंड समेत अन्य राज्यों से गरीब और असहाय युवतियों को नौकरी दिलाने के बहाने दिल्ली-एनसीआर बुलाता था और उन्हें मेड के रूप में काम पर लगवाने का धंधा करता था, करीब आठ महीने पहले सोनिया को भी इसी बहाने बुलाया गया था।
27 अगस्त की रात सोनिया की हत्या के बाद बदबू छिपाने के लिए शव को घर में ही रखा गया, दो दिन बाद 29 अगस्त को शव को सूटकेस में भरकर ऑटो से एनएच-9 हाईवे ले जाया गया और खेत में फेंक दिया गया, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाठी, मृतका समेत तीन मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, मोबाइल फोन से आपत्तिजनक वीडियो भी मिली है, दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







