दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करारी हार झेलने के बाद टीम इंडिया अब अपना पुराना हिसाब बराबर करने के इरादे से वनडे मैदान में उतरने जा रही है। केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम 30 नवंबर को रांची में होने वाले पहले वनडे मुकाबले से सीरीज की शुरुआत करेगी।
टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यह वनडे श्रृंखला टीम इंडिया के लिए अपनी लय में वापसी का बड़ा मौका मानी जा रही है। इस बार एक बार फिर सभी की नज़रें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी, जिनसे टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में भारत को श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल जैसे भरोसेमंद बल्लेबाजों की कमी खलेगी। ऐसे में मध्यक्रम की जिम्मेदारी बड़े पैमाने पर विराट कोहली के कंधों पर रहने वाली है। टेस्ट हार के बाद भारतीय टीम सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों तक की आलोचनाओं का सामना कर रही है। ऐसे में पूरी टीम का फोकस बेहतर खेल दिखाकर आलोचकों को जवाब देने पर रहेगा। वहीं दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका की टीम अपने टेस्ट फॉर्म को वनडे में भी कायम रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।







