लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अनुष्का यादव के साथ उनके रिश्ते और हाल ही में जन्मी बच्ची के पिता को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज है। इन सबके बीच तेज प्रताप ने भगवान शिव की भक्ति वाला एक नया वीडियो शेयर किया है।
वीडियो करीब एक मिनट का है, जिसमें तेज प्रताप शिवजी के सामने ध्यान करते दिख रहे हैं और पीछे भजन चल रहा है। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि यह जीवन में नई शुरुआत और नए लक्ष्य की ओर बढ़ने का प्रतीक है। वीडियो के सामने आते ही लोगों के कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
Also Read- संसद में ‘एपस्टीन’ बयान से सियासी भूचाल: राहुल गांधी के दावे पर हरदीप पुरी का पलटवार
अनुष्का यादव ने 5 फरवरी को एक बच्ची को जन्म दिया। कुछ दिनों बाद चर्चा शुरू हुई कि बच्ची के पिता तेज प्रताप हैं। हालांकि तेज प्रताप ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि बच्ची के पिता आकाश भाटी हैं।
दूसरी तरफ छात्र राजद के पूर्व अध्यक्ष आकाश यादव ने दावा किया कि उनकी बहन अनुष्का यादव लापता हैं। उन्होंने कहा कि वे अनुष्का, बच्ची और तेज प्रताप के रिश्ते को सबूतों के साथ साबित करेंगे।
तेज प्रताप और अनुष्का के रिश्ते की चर्चा पहले भी हो चुकी है। करीब आठ महीने पहले 24 मई को तेज प्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया था, जिसमें अनुष्का के साथ 12 साल के रिश्ते की बात लिखी गई थी। इसके बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें परिवार और पार्टी से अलग कर दिया था। बाद में वह पोस्ट डिलीट हो गया और तेज प्रताप ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और पोस्ट फर्जी था।फिलहाल मामला पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन इस नए वीडियो के बाद तेज प्रताप फिर से सुर्खियों में आ गए हैं।







