आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर करारा हमला बोला है। तेजस्वी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री की हालिया बयानबाजी पर तंज कसा।
तेजस्वी ने लिखा,”2005 से पहले किसी के पास चेहरा था? 2005 के बाद सब बढ़िया चेहरा तो हम ना लगवाए हैं जी। पहले कोई बोलती थी? उ तो हम ना सिखाए हैं जी। 2005 से पहले सृष्टि थी? उ तो हम पैदा किए हैं जी।”
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के इस बयान को निशाना बनाते हुए कहा कि महीनों की तैयारी और रटाने के बावजूद भी वही बोला गया, जो नहीं बोलना चाहिए था।
“मंत्रियों और अधिकारियों को भी भरोसा नहीं”
तेजस्वी ने अपनी पोस्ट में नीतीश सरकार पर सवाल उठाते हुए लिखा,
“एक माननीय मंत्री तो इतने बेचैन थे कि माननीय मुख्यमंत्री को बीच में ही रोक दें। किस प्रदेश में ऐसा मुख्यमंत्री है, जिसके भाषण के दौरान उनके मंत्री समानांतर कमेंट्री करते हैं और बनावटी हंसी-ठहाके लगाते हैं? अब तो ऐसा लगता है कि मंत्रियों और अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं है।”
Also Read-अपने-अपने बूथ पर भाजपा की जीत को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करें कार्यकर्ताः सीएम योगी
उन्होंने यह भी कहा कि चार लोग मुख्यमंत्री को चला रहे हैं।
“अगर कोई व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ है और इसका फायदा सिर्फ चार लोगों को मिल रहा है, लेकिन नुकसान पूरे राज्य को हो रहा है, तो इसका खामियाजा 14 करोड़ बिहारवासियों को नहीं भुगतना चाहिए।”
नीतीश कुमार का क्या है वीडियो?
तेजस्वी यादव ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिलाओं के एक कार्यक्रम में उनकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा,
“पहले महिलाओं की क्या स्थिति थी? हमने जीविका दीदी की शुरुआत की। अब देखिए, इनके चेहरे कितने अच्छे दिखते हैं। पहले ऐसे चेहरे थे क्या?”
इसी बयान को लेकर तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए इसे जनता का ध्यान भटकाने वाला बताया और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।