
उत्तर प्रदेश के मथुरा के थाना सुरीर कोतवाली इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा न सिर्फ लापरवाही की कहानी बयां करता है, बल्कि एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों पर भी बड़े सवाल खड़े करता है।
तड़के हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुआ। दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस में सवार कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने की गुजारिश की। बताया जा रहा है कि चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन या सुरक्षित स्थान पर बस रोकने के बजाय एक्सप्रेसवे किनारे ही बस खड़ी कर दी।बस रुकते ही यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित हो गया। कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इस दर्दनाक हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष समेत दो अन्य यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि एक्सप्रेसवे पर छोटी सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। यदि बस सुरक्षित स्थान पर रोकी जाती या यात्री सावधानी बरतते, तो शायद इतनी बड़ी जनहानि टल सकती थी।
फिलहाल पूरे इलाके में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सवाल यह है कि आखिर एक्सप्रेसवे पर नियमों की अनदेखी कब तक लोगों की जान लेती रहेगी? जरूरत है सख्त पालन और जागरूकता की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके

यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: मृतक व घायल की सूची
- देवेश पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम भेलबल पोस्ट कोठवा जिला बस्ती उम्र करीब 32 वर्ष
- असलम पुत्र बशरूद्दीन निवासी गड़े का पुरवा जिला कन्नौज उम्र करीब 27 वर्ष
- सोनू पुत्र विनोद निवासी एरवा कटरा जिला औरैया मो०नं० 9643827503 उम्र करीब 32 वर्ष
- सन्तोष पुत्र रामवीर निवासी प्रेमनगर दिल्ली उम्र करीब 46 वर्ष
- अनुराग पुत्र आनन्द निवासी ग्राम कन्चौसी थाना दिबियापुर जिला औरैया उम्र करीब 27 वर्ष
- प्रमोद पुत्र साधू सिंह निवासी बडगाँव थाना जसराना जिला फिरोजाबाद उम्र करीब 35 वर्ष
घायल - शिवकान्त दुबे पुत्र अमरकान्त दुबे निवासी बेला जिला औरया उम्र करीब 46 वर्ष







