महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि क्या ट्रंप भारत में भी वैसा ही कदम उठा सकते हैं जैसा हाल ही में वेनेजुएला में उठाया गया।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस(IANS) से बातचीत में चव्हाण ने कहा, “जिस तरह अमेरिका ने वेनेजुएला में ऑपरेशन किया, क्या उसी तरह भारत में भी कुछ हो सकता है? क्या ट्रंप हमारे प्रधानमंत्री को भी किडनैप कर लेंगे?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
दरअसल, चव्हाण की यह टिप्पणी ट्रंप की उस कथित चेतावनी के संदर्भ में आई है, जिसमें कहा गया था कि यदि भारत अमेरिकी शर्तें नहीं मानता है तो उस पर टैरिफ बढ़ाया जा सकता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चव्हाण ने कहा कि 50 प्रतिशत टैरिफ के बाद भारत-अमेरिका के बीच व्यापार लगभग असंभव हो जाएगा। उन्होंने इसे सीधे तौर पर भारत से अमेरिका होने वाले निर्यात को रोकने का तरीका बताया।
उन्होंने कहा कि सीधे प्रतिबंध लगाने के बजाय टैरिफ को एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि व्यापार ठप हो जाए। इसका असर भारतीय निर्यातकों पर पड़ेगा,क्योंकि पहले जो मुनाफा वे अमेरिका को सामान भेजकर कमाते थे, वह अब संभव नहीं होगा। ऐसे में भारत को वैकल्पिक बाजारों की तलाश करनी होगी, जिसकी कोशिशें पहले से चल रही हैं।
चव्हाण ने यह भी कहा कि ट्रंप चाहें तो और टैक्स लगा सकते हैं, लेकिन इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियां पहले ही लगभग रुक चुकी हैं। उन्होंने भारत को “कंट्रोल” करने के लिए टैरिफ बढ़ाने की ट्रंप की कथित रणनीति पर भी सवाल उठाए।
फिलहाल चव्हाण के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक विवाद गहराने के संकेत जरूर मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पृथ्वीराज चव्हाण भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी कर चुके हैं, जिस पर उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। उन्होंने दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले ही दिन भारत को पाकिस्तान के खिलाफ नुकसान उठाना पड़ा और 7 मई को हुए हमलों के दौरान भारतीय विमान लगभग ग्राउंडेड हो गए थे, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से उन्हें मार गिराए जाने का खतरा था, हाल ही में अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया था, जिसमें वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया। फिलहाल दोनों पर अमेरिका में मुकदमा चलाया जा रहा है, इसी घटनाक्रम के संदर्भ में चव्हाण ने यह विवादित तुलना की है।







