देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान प्रदेशभर में जनविश्वास का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। अभियान के तहत अब तक प्रदेश के 13 जनपदों में 630 जनसेवा कैंप आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लाखों नागरिकों ने भागीदारी कर सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन कैंपों में अब तक 4.92 लाख से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 48 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 हजार से ज्यादा मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है।इन जनसेवा कैंपों के जरिए 2.74 लाख से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। वहीं, अलग-अलग प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए 68 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनता की शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाकर शासन-प्रशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत करना है।अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में शेष जनपदों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी इसी तरह के कैंप आयोजित कर अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







