लखनऊ। विधानसभा शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए वंदे मातरम को एक मंत्र बताते हुए कहा कि इसके उद्घोष से अंग्रेजों को भारत छोड़कर जाना पड़ा था।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र को जागृत करने वाला मंत्र है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में नई चेतना का संचार किया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वंदे मातरम से बचते हैं, लेकिन यह भारत की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
अनुपूरक बजट को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सदन में प्रदेश के विकास को गति देने वाला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। यह बजट जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती देने के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि यह अनुपूरक बजट राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों को और तेज़ करने में अहम भूमिका निभाएगा।







