दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर लिखे गए एक आपत्तिजनक स्लोगन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाईवे की दीवारों और फ्लाईओवर पर मुस्लिम समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी दिख रही है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि यह हिस्सा उस मार्ग का है, जिसे एशिया के सबसे बड़े एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है। करीब 12 किलोमीटर लंबा यह रास्ता राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से होकर गुजरता है। वायरल वीडियो में कुछ लोग दीवारों पर नारे लिखते नजर आ रहे हैं।
मीडिया जांच में सामने आया कि बाद में प्रशासन ने दीवारों से आपत्तिजनक शब्द हटा दिए। हालांकि उनके निशान अभी भी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
Also Read-प्रियंका चोपड़ा ने बेटी मालती के जन्म को लेकर किया खुलासा, बोलीं- वो समय बेहद मुश्किल था
इस मामले में हिंदू रक्षा दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। बताया गया कि संगठन की महिला विंग ने ये नारे लिखे थे। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।







