देहरादून। उत्तराखंड की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वे कथित तौर पर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “बिहार में 20–25 में लड़कियां मिल जाती हैं, अगर यहां युवाओं की शादी नहीं हो रही है तो बिहार से लेकर आ जाएंगे।”
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इस बयान को महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और असंवेदनशील बता रहे हैं। वहीं, पूरे मामले पर सफाई देते हुए पप्पू गिरधारी साहू ने कहा है कि उनके वीडियो को तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर पेश किया जा रहा है। उनका दावा है कि उनके बयान का संदर्भ कुछ और था, लेकिन उसे गलत तरीके से वायरल किया गया है।







