रायबरेली। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के लिए पहुंची एक महिला की इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मौत हो जाने से हंगामा मच गया। परिजनों ने ट्रेनी फार्मेसिस्ट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया।
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे टिकैत गांव निवासी रघुनाथ की 55 वर्षीय पत्नी राम प्यारी की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी शिवगढ़ लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद ट्रेनी फार्मेसिस्ट ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
Also Read-बदायूं में हर्षोल्लास के साथ मनी होली, रंग-गुलाल और भाई चारे का दिखा अनोखा रंग
महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान ट्रेनी फार्मेसिस्ट मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, इस पूरे मामले में सीएचसी अधीक्षक ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि जब महिला अस्पताल लाई गई थी, तब उसका ब्लड प्रेशर काफी ज्यादा था और ऑक्सीजन लेवल भी बहुत कम था। उन्होंने कहा कि ट्रेनी फार्मेसिस्ट के इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप सही नहीं है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।







