Home Uttar Pradesh योगी और आरएसएस की बढ़ती नजदीकियां , यूपी को साधने की रणनीति...

योगी और आरएसएस की बढ़ती नजदीकियां , यूपी को साधने की रणनीति हुई तेज

101
0

देश की राजनीति इस समय ऐसे भंवर में फंसी हुई है, जहां हर दिन एक नया मोड़ सामने आ रहा है। सत्ता के गलियारों में हलचल इतनी तेज है कि दिल्ली से लेकर पटना और लखनऊ तक राजनीतिक तापमान सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। तीन नाम इस पूरे सियासी भूचाल के केंद्र में हैं—नीतीश कुमार, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि बिहार में क्या हुआ, बल्कि असली सवाल यह है कि क्या बिहार की सियासी आंधी अब उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रही है? क्या दिल्ली की राजनीति अब प्रदेशों के सबसे ताकतवर चेहरों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है? और क्या योगी आदित्यनाथ भी अब उसी सियासी चक्रव्यूह के निशाने पर हैं, जिसमें नीतीश कुमार फंसते हुए दिखाई दिए? राजनीतिक सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा सियासी संघर्ष दिल्ली बनाम प्रदेश के मजबूत नेताओं के बीच देखने को मिल सकता है। अब सब बड़ा सवाल इस वक्त यही है कि
नीतीश कुमार का ये फैसला उनका त्याग है या फिर दबाव? तो बता दे कि बिहार की राजनीति में लंबे समय से एक कहावत चली आ रही थी—“बिहार में चाहे कोई भी सरकार बने, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे।” लेकिन राजनीति में स्थायी कुछ भी नहीं होता और यह बात एक बार फिर साबित हो गई।

Also Read-सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह

नीतीश कुमार ने अचानक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया। नितीश कुमार ने लिखा कि ‘मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा और आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.’ लेकिन यही फैसला अब सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल बन गया है। क्योंकि बिहार की सड़कों से लेकर विधानसभा तक विरोध की आवाजें उठने लगी हैं। खुद जेडीयू के कार्यकर्ता नाराज बताए जा रहे हैं। कई जगहों पर पोस्टर फाड़े गए, कार्यालयों में तोड़फोड़ की खबरें आईं और कार्यकर्ताओं ने खुलकर कहा कि जनता ने वोट नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दिया था, न कि उन्हें राज्यसभा भेजने के लिए।नीतीश के करीबी माने जाने वाले कुछ नेताओं ने तो यहां तक आरोप लगा दिया कि यह फैसला उनकी “अंतरात्मा की आवाज” नहीं बल्कि “राजनीतिक दबाव” का परिणाम है। उनका कहना है कि अमित शाह ने अपनी रणनीतिक क्षमता का इस्तेमाल करते हुए पूरा सियासी खेल पलट दिया। राजनीति में अमित शाह को यूं ही चाणक्य नहीं कहा जाता। विरोधी भी मानते हैं कि वह समय आने पर ऐसा दांव चलते हैं जिसकी कल्पना भी विपक्ष नहीं कर पाता। अगर राजनीतिक विश्लेषकों की बात मानें तो बिहार में जो हुआ वह सिर्फ एक राज्य का बदलाव नहीं है, बल्कि यह केंद्र की बड़ी रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है।

जानकार मानते है कि अमित शाह की राजनीति हमेशा दो चीजों पर टिकी रही है—संगठन और सत्ता का संतुलन। नीतीश कुमार जैसे नेता, जिनकी अपनी पार्टी है, जिनके सांसद हैं और जिनके समर्थन से कई बार केंद्र की राजनीति प्रभावित होती रही है, उन्हें अचानक मुख्यमंत्री पद से हटाकर राज्यसभा भेज देना अपने आप में बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।यही नहीं अगर अभी भी नितीश कुमार चाहे तो केंद्र में बीजेपी की सरकार गिर सकती है ,,और बिहार में नितीश कुमार जिसको चाह ले वो बिहार का सीएम बन सकता है .लेकिन नीतीश की चुप्पी ने कई सारी बातों पर पर्दा डाल रखा है .नितीश कुमार के इस्तीफा देने से एक बात तो साफ़ हो जाता है कि बीजेपी अब राष्ट्रीय राजनीति में हर समीकरण को अपने हिसाब से ढालने की कोशिश कर रही है। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि बिहार की इस पूरी कहानी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम क्यों जुड़ रहा है। दरअसल पिछले कई महीनों से ऐसी खबरें और अफवाहें लगातार सामने आती रही हैं कि दिल्ली और लखनऊ के बीच सब कुछ सामान्य नहीं है। कई बार यह चर्चा भी चली कि योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा सकता है। इसके बाद बीजेपी के संगठनात्मक फैसलों ने भी इन चर्चाओं को हवा दी। शाह और पीएम मोदी ने अपने पसंदीदा नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। वहीं उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भेजा गया। राजनीतिक गलियारों में यह बात कही जाने लगी कि पंकज चौधरी योगी आदित्यनाथ की पहली पसंद नहीं थे।इतना ही नहीं, कुछ पोस्टरों और राजनीतिक अभियानों में योगी की तस्वीर तक गायब होने की चर्चाएं भी सामने आईं। फिर दिल्ली से यह संदेश आया कि 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश में यह बात लगभग हर राजनीतिक विश्लेषक मानता है कि इस समय बीजेपी के भीतर अगर किसी नेता की सबसे ज्यादा लोकप्रियता है तो वह योगी आदित्यनाथ हैं। उनकी छवि एक मजबूत प्रशासक और कट्टर हिंदुत्व के चेहरे के रूप में स्थापित हो चुकी है। कई सर्वेक्षणों और राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जाता है कि योगी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि राजनीतिक सूत्र यह भी कहते हैं कि दिल्ली की राजनीति हमेशा इस बात का ध्यान रखती है कि कोई भी क्षेत्रीय नेता राष्ट्रीय नेतृत्व से ज्यादा ताकतवर न बन जाए। जिससे दिल्ली को खतरा हो जाये ,,राजनैतिक सूत्र कहते बीते कुछ सालों से अगर आप देखेंगे तो पायेंगे कि बीजेपी की पूरी राजनीति मोदी और शाह के इर्द गिर्द ही घूमती हुई नजर आयेगी .इसलिए खतरा महसूश होते ही खतरे को शाह जल्द ही ख़त्म कर दते है ,इसीलिए लगतार योगी और दिल्ली के बीच खींचतान की खबरे आती रही है .

लेकिन यहां कहानी का दूसरा पहलू भी है। योगी आदित्यनाथ को सिर्फ एक मुख्यमंत्री के रूप में नहीं देखा जाता। वह गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं और हिंदुत्व की राजनीति में उनकी अलग पहचान है। पिछले कुछ महीनों में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और योगी आदित्यनाथ के बीच कई मुलाकातें हुई हैं।हाल ही में गाजियाबाद में आरएसएस की समन्वय बैठक में योगी आदित्यनाथ पहुंचे और करीब 40 मिनट तक अंदर चर्चा हुई। दिलचस्प बात यह रही कि इस बैठक में दोनों डिप्टी सीएम को भी आना था, लेकिन अंत में सिर्फ योगी ही मौजूद रहे। इसके अलावा कानपुर में भी योगी आरएसएस के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते दिखाई दिए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आरएसएस का समर्थन योगी के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच की तरह काम कर रहा है। इसके आलावा राजनीतिक सूत्र यह भी कह रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ अपनी पुरानी संगठनात्मक ताकत—हिंदू युवा वाहिनी—को भी फिर से सक्रिय करने की तैयारी में हैं। यह संगठन पहले भी पूर्वांचल की राजनीति में काफी प्रभावशाली रहा है। अगर यह संगठन फिर से सक्रिय होता है तो यह योगी की राजनीतिक ताकत को और मजबूत कर सकता है। इसी बीच एक और राजनीतिक चर्चा तेजी से फैल रही है। कहा जा रहा है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में तीसरा डिप्टी सीएम बना सकती है और यह चेहरा दलित समाज से हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो इसके पीछे दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं— पहला, 2027 और 2029 के चुनावों के लिए दलित वोट बैंक को मजबूत करना। दूसरा, मुख्यमंत्री पद की शक्ति को कई हिस्सों में बांटना। यानी एक मुख्यमंत्री और तीन डिप्टी सीएम का मॉडल। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे सत्ता का संतुलन बदल सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिहार में जो हुआ वह सिर्फ एक राज्य की घटना है या फिर यह राष्ट्रीय राजनीति के बड़े बदलाव का संकेत है। क्या नीतीश कुमार वास्तव में दबाव में आकर मुख्यमंत्री पद से हटे हैं या फिर यह उनकी रणनीति का हिस्सा है? और सबसे बड़ा सवाल—क्या दिल्ली वास्तव में योगी आदित्यनाथ को टारगेट कर सकती है? या फिर आरएसएस का समर्थन और योगी की लोकप्रियता उन्हें अडिग बनाए रखेगी? अब इस पूरी खबर का निष्कर्ष क्या है तो वो भी आप आसान भाषा में जान लीजिये .भारतीय राजनीति में यह दौर बेहद दिलचस्प और निर्णायक बनता जा रहा है। एक तरफ दिल्ली की रणनीति है, दूसरी तरफ प्रदेशों के मजबूत नेता हैं। बिहार में बदलाव हो चुका है, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है। क्योंकि अगर बिहार की आंधी उत्तर प्रदेश तक पहुंची, तो आने वाले चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा शक्ति परीक्षण बन सकते हैं। अब देखना यह होगा कि इस सियासी शतरंज में अगली चाल कौन चलता है—दिल्ली या लखनऊ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here