Home Yogi योगी सरकार का फोकस एमएसएमई और खादी पर, रोजगार सृजन को मिलेगी...

योगी सरकार का फोकस एमएसएमई और खादी पर, रोजगार सृजन को मिलेगी नई रफ्तार

30
0

मंत्री राकेश सचान ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, शत-प्रतिशत बजट उपयोग के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), खादी, हथकरघा और वस्त्रोद्योग क्षेत्र को मजबूत कर रोजगार सृजन बढ़ाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा व वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को विभागीय योजनाओं की प्रगति और बजट व्यय की समीक्षा की।

जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं

खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि योगी सरकार की प्राथमिक और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।

यूपी दिवस पर विश्वकर्मा योजना के प्रशिक्षुओं को मिलें टूलकिट

मंत्री राकेश सचान ने निर्देश दिए कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षित लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके लिए जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करने को कहा गया, ताकि सांसद, विधायक और प्रभारी मंत्री कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभा सकें।

युवा उद्यमी विकास अभियान को तहसील-ब्लॉक तक ले जाने पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को तहसील और ब्लॉक स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत लगने वाले कैंपों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा उद्यमिता से जुड़ सकें और स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।

खादी को आत्मनिर्भर यूपी की पहचान बनाने की तैयारी

मंत्री सचान ने कहा कि योगी सरकार खादी को आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की पहचान के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि खादी के कंबल और अन्य उत्पाद आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए जाएं और गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए। साथ ही उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

निष्क्रिय समितियों की परिसंपत्तियों की होगी जांच

खादी उत्पादन से जुड़ी जो समितियां लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उनकी भूमि और परिसंपत्तियों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने सरकारी संपत्तियों के संरक्षण, अवैध कब्जों से मुक्त कराने और उनके उचित उपयोग पर विशेष जोर दिया।

आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा एमएसएमई सेक्टर

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार सृजन को नई गति दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और योजनाओं के लिए आवंटित बजट का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में बड़ा कदम

बैठक के दौरान मंत्री राकेश सचान ने कहा कि पारंपरिक उद्योगों के संरक्षण और आधुनिक तकनीक के समावेश से प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और उद्यमियों को सशक्त किया जा रहा है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here