अमेठी। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा से “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)” की तर्ज पर अब “वन विलेज वन प्रोडक्ट (OVOP)” परियोजना को अमेठी में शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
इस पहल का मकसद हर गाँव को उसकी विशेष पहचान देना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और ग्रामीण स्तर पर रोजगार, महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता विकास को प्रोत्साहित करना है। सीडीओ सूरज पटेल ने बताया कि यह योजना ग्रामीण नवाचार, कौशल विकास और परंपरागत उत्पादों के पुनर्जीवन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। हर गाँव अपने विशिष्ट उत्पाद से पहचाना जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और युवाओं को रोजगार मिलेगा।
ALSO READ:योगी सरकार की पहल हर गरीब परिवार को मिलेगा सम्मानजनक जीवन
परियोजना में बेसिक शिक्षा विभाग, जिला उद्योग केंद्र, सेवायोजन कार्यालय और एनआरएलएम प्रमुख भूमिका निभाएँगे। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी विभाग संयुक्त रूप से परियोजना को आगे बढ़ाएँ।
15 दिनों के भीतर ग्राम समितियों का गठन और उत्पाद पहचान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद जिले में परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।





