बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेल्थरारोड सीट से बीजेपी के पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया को बिहार में शराब के साथ पकड़ा गया है। पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर बांध बरियारपुर चेकपोस्ट पर उनकी कार से अंग्रेजी बियर की तीन केन बरामद हुईं।
यह घटना 24 अक्टूबर 2025 की दोपहर करीब 12:55 बजे की बताई जा रही है, जब SST पॉइंट मजिस्ट्रेट और SSB की टीम चुनावी निगरानी के दौरान वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक काली किआ सेल्टोस कार (UP 60 BF 7173) को रोका गया, जिसमें धनंजय कन्नौजिया सवार थे। गाड़ी की डिग्गी से एक ट्रॉली बैग में रखी ‘बडवाइजर लेगर’ बियर (500 ml) की तीन केन मिलीं।जब मजिस्ट्रेट ने शराब के बारे में सवाल किया, तो पूर्व विधायक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, जहां शराब की खरीद, बिक्री और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
Also Read-Bihar Election 2025 | बिहार में चुनावी हलचल के बीच मिले Nitish Kumar और Chirag Paswan
इसके बाद टीम ने पूर्व विधायक की गाड़ी और बरामद शराब को जब्त कर लिया और धनंजय कन्नौजिया व उनके ड्राइवर दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर थाने भेज दिया गया।सूत्रों के मुताबिक, धनंजय कन्नौजिया बिहार में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने आए थे। चुनाव के चलते प्रशासन ने जगह-जगह कड़ी जांच चौकियां लगा रखी हैं, जिसके दौरान यह मामला सामने आया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी और जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि शराब व्यक्तिगत उपयोग के लिए लाई गई थी या चुनावी गतिविधियों से जुड़ी थी।वहीं, विपक्षी दलों ने बीजेपी पर शराबबंदी कानून और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। बीजेपी की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।



