कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की इकलौती बेटी शालिनी सिंह इन दिनों खूब चर्चा में है। चर्चा का कारण उनका एक वीडियो है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मंच पर कविता पढ़ती नजर आ रही हैं। कविता को उन्होंने अपने पिता और भाइयों को समर्पित किया है। वीडियो 25 अक्टूबर, शनिवार का बताया जा रहा है।
दरअसल बीते शनिवार को नोएडा सेक्टर-121 होम्स 121 सोसाइटी में एक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसमें शालिनी सिंह का शायराना अंदाज देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने कहा- मैं पहलवान की बेटी हूं। पहली बार मंच पर कविता पाठ कर रही हूं। उन्होंने कहा कि मैं कविता के क्षेत्र में बिल्कुल नई हूं। यह मेरा पहला कवि-सम्मेलन है। उन्होंने कहा-
“जब पीठ सटा दी मेरी, तो अब मैं भी धक्का मारूंगा। बहुत हुआ सम्मान अब मैं भी मुक्का मारूंगा।” इसके आगे उन्होंने कहा- “जिंदाबाद तेरा भी जिसने यहां तक पहुंचा है, दर्द में ही सही बड़ी हमदर्दी से छोड़ने आया है। अब रसातल में हूं तो इससे नीचे कहां जाऊंगा, अब मैं भी लडूंगा अब मैं भी वापस आऊंगा।”
वहीं मजाक-मजाक में उन्होंने अपने दोनों भाइयों करण और प्रतीक भूषण को बाहुबली बताया। आपको बता दें कि शालिनी सिंह के पिता बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज के पूर्व सांसद हैं. जबकि उनके भाई प्रतीक सिंह गोंडा से विधायक और दूसरे भाई करण सिंह कैसरगंज से सांसद हैं।
बता दें कि शालिनी सिंह के सास ससुर बिहार से हैं। आरा से पूर्व सांसद स्व. अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते पुत्र विशाल सिंह से शालिनी सिंह की शादी हुई है। दोनों वर्तमान में नोएडा में रहते हैं। विशाल सिंह भी भाजपा से जुड़े हैं। शालिनी सिंह आर्टिस्ट हैं उन्होंने अब तक 5 किताबें लिखी हैं। कविताएं लिखने के साथ ही शूटिंग में भी उन्हें महारत हासिल है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय शालिनी नोएडा सिटिजन फोरम की सदस्य भी हैं। वह वकील और एजुकेशनिस्ट भी हैं।



