राष्ट्र की अखंडता से कोई समझौता नहीं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    2
    0


    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लौह पुरुष सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें।

    सरदार पटेल ने गढ़ा अखंड भारत का स्वरूप

    सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद ब्रिटिश साजिशों को नाकाम करते हुए 563 रियासतों को भारत गणराज्य में मिलाया, और अखंड भारत की नींव रखी। जब कुछ रियासतों ने भारत में विलय से इनकार किया, तब पटेल ने पहले संवाद का रास्ता अपनाया, लेकिन राष्ट्र की एकता से कोई समझौता नहीं किया।सीएम ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाकर पटेल के अधूरे सपने को साकार किया, यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”

    Also Read-पति के नास्तिक होने पर पत्नी ने मांगा तलाक, उत्तराखंड हाईकोर्ट ने भेजा काउंसलिंग के लिए

    एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 से राष्ट्रनिर्माताओं को सम्मान देने की परंपरा शुरू हुई है। आज पूरे देश में 600 से ज्यादा जगहों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित हो रही है, जो युवाओं में देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत कर रही है।सीएम ने कहा – “सिर्फ भाषणों से नहीं, बल्कि व्यवहार में भी एकता के मूल्यों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”

    राष्ट्र की एकता को कमजोर करने वाली ताकतों का विरोध करें

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जातिवाद, परिवारवाद और छुआछूत जैसी कुरीतियां समाज को तोड़ती हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जो भी ताकत राष्ट्र की एकता को कमजोर करने का प्रयास करे, उसका डटकर विरोध करें।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का संदेश है “हम सब मिलकर भारत की अखंडता को सशक्त बनाएं और सामाजिक सौहार्द को बढ़ाएं।”

    उत्तर प्रदेश से केवड़िया जाएगा सांस्कृतिक दल

    सीएम ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर उत्तर प्रदेश से एक सांस्कृतिक दल और हस्तशिल्पियों का प्रतिनिधिमंडल केवड़िया (गुजरात) जाएगा। राज्यपाल के नेतृत्व में 12 नवंबर को सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह अवसर “वोकल फॉर लोकल” और “स्वदेशी अभियान” को मजबूत करने का भी है।

    75 जिलों में गूंजी राष्ट्रीय एकता की भावना

    मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित हुई, जिसमें लाखों युवाओं, छात्रों और अधिकारियों ने भाग लेकर एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा — “यह सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।”

    सीएम ने सोशल मीडिया पर भी दी श्रद्धांजलि

    कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी ने एक्स (Twitter) पर भी सरदार पटेल को नमन करते हुए लिखा महान स्वतंत्रता सेनानी, लौह पुरुष ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।सरदार साहब के अखंड भारत के सपने को साकार करने की प्रेरणा हमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में आगे बढ़ाती रहेगी।इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here