पीलीभीत। दिल्ली की रहने वाली एक युवती के साथ पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने लंबे समय तक युवती को शादी का भरोसा दिया, लेकिन बाद में उसके परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी।
जब इस बात की जानकारी पीड़ित युवती को हुई तो वह दिल्ली से पीलीभीत पहुंची और युवक से संपर्क किया। आरोप है कि प्रेमिका को सामने देखकर युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस कर रही युवती इसके बाद पुलिस की शरण में पहुंची।
पीड़ित युवती ने थाना जहानाबाद पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ लिखित शिकायत पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। युवती की शिकायत पर थाना जहानाबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सदर नताशा गोयल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि युवती की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि आरोपी युवक अजीम, पीलीभीत जनपद के कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चका का निवासी है। घटना के सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।






