लखनऊ। प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्पष्ट कहा कि आमजन को ठंड से बचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
5 जनवरी तक 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
मुख्यमंत्री ने शीतलहर को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश ICSE, CBSE, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों पर लागू होगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि शीतलहर के दौरान सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि जरूरतमंदों को तत्काल सहायता मिल सके। कंबल और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों में ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण और अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय और सड़क पर रहने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर राहत दी जाए।
रैन बसेरों में पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आदेश
सीएम ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। इसके लिए सभी रैन बसेरों में पर्याप्त स्थान, गर्म पानी, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि शीतलहर से निपटने के लिए जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन हो और किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का संकल्प: ठंड में हर नागरिक को सुरक्षा और सम्मान
प्रदेश सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि भीषण ठंड और शीतलहर के इस दौर में कोई भी नागरिक असहाय, बेसहारा या उपेक्षित न रहे। सरकार की प्राथमिकता है कि सड़क पर रहने वाले, गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी को ठंड से बचाने के लिए समय पर सहायता मिले। इसके लिए प्रदेश भर में कंबल वितरण, अलाव, रैन बसेरों की व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया है, ताकि हर जरूरतमंद को सुरक्षित और सम्मानजनक राहत मिल सके। सरकार का प्रयास है कि राहत कार्य केवल औपचारिकता न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हों और ठंड से किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।






