धनपतगंज बाजार से नौगांवा तीर पुल को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख धनपतगंज यशभद्र सिंह उर्फ मोनू के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह ने बताया कि यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत होने के बावजूद अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है।
बच्चों, मरीजों और आमजन को हो रही भारी परेशानी
उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर हालत के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
यह सड़क कूड़वार और धनपतगंज ब्लॉक को जोड़ने वाला एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। खराब सड़क के चलते ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।




