धर्मनगरी हरिद्वार में माघ माह की पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। तड़के भोर से ही हरकी पौड़ी सहित तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करते नजर आए।
पौष पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह होते ही हरकी पौड़ी, मालवीय घाट, सुभाष घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर स्नान का क्रम लगातार जारी रहा। गंगा तट “हर-हर गंगे” और जयकारों से गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान को मोक्षदायी तथा मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला पर्व माना जाता है। शास्त्रों में उल्लेख है कि इस दिन देवी-देवता पृथ्वी पर अवतरित होकर स्वयं गंगा स्नान करते हैं, और उनके साथ स्नान करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हरिद्वार गंगा तटों पर मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।




