वरुण धवन की आने वाली फिल्म बॉर्डर 2 जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। शुक्रवार को फिल्म का पहला गाना ‘घर कब आओगे’ रिलीज किया गया, जिसे सुनकर लोग काफी भावुक हो रहे हैं। इस गाने का लॉन्च इवेंट जैसलमेर में हुआ, जहां बीएसएफ के जवान भी मौजूद थे।
इवेंट के दौरान वरुण धवन ने फिल्म और देश से जुड़े अपने जज़्बात शेयर किए। उन्होंने बताया कि 1997 में आई फिल्म बॉर्डर देखने के बाद ही उन्होंने मन में ठान लिया था कि वे भी कभी ऐसी देशभक्ति वाली फिल्म का हिस्सा बनना चाहेंगे। वरुण ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।
Also Read- माघ मेला को लेकर एक्शन में आये योगी – सुना दिया बड़ा फरमान
वरुण धवन ने मंच से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत शांति और प्यार का देश है, लेकिन जब जरूरत पड़ती है, तब देश अपनी ताकत भी दिखाता है। उन्होंने कहा कि बॉर्डर जैसी फिल्में युवाओं को यह याद दिलाती हैं कि देश के पास हर चुनौती का जवाब देने की हिम्मत और ताकत है।
इस इवेंट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बीएसएफ के जवान गाने ‘घर कब आओगे’ पर परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं। बाद में वे वरुण धवन, सनी देओल और अहान शेट्टी को स्टेज पर बुलाते हैं और तीनों एक्टर्स जवानों के साथ मिलकर डांस करते हैं। इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।


