गोंडा के नवाबगंज में चल रही 8 दिवसीय राष्ट्रकथा के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। कथा वाचक सद्गुरु रितेश्वर महाराज के शब्दों ने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को भी भावुक कर दिया। मंच पर बैठे-बैठे बृजभूषण सिंह की आंखों से आंसू निकल आए।
राष्ट्रकथा के दूसरे दिन पूजा के बाद रितेश्वर महाराज ने मंच से कहा कि अगर कोई यह सोचता है कि गोंडा या उत्तर प्रदेश में सिर्फ बृजभूषण का ही दबदबा है, तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि उनका भी पहले दबदबा था, आज भी है और आगे भी रहेगा। यह सुनते ही बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए और मंच पर ही रो पड़े। उन्होंने महाराज को प्रणाम किया और अपने आंसू पोंछते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं।
Also Read- नेहा सिंह राठौर की बढ़ी मुश्किलें, पति के साथ पहुंची हजरतगंज थाने, हिरासत को लेकर सस्पेंस
इस भावुक पल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बृजभूषण सिंह कहते नजर आ रहे हैं कि वे हमेशा मां भारती, भगवान राम, श्रीकृष्ण और प्रभु हनुमान के लिए काम करते रहे हैं और सनातन को जोड़ने की कोशिश करते रहे हैं।
इस मौके पर सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने राष्ट्रकथा का महत्व भी बताया। उन्होंने कहा कि वे कभी भी पैसे लेकर कथा नहीं कहते। यह सेवा केवल देश, धर्म और भगवान के लिए है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकथा वही व्यक्ति कह सकता है, जो पूरी तरह राम और राष्ट्र के लिए समर्पित हो और अपना जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दे।





