Home Breaking News नव निर्माण के नौ वर्ष,योगी सरकार का प्रदेशभर में 9 दिवसीय भव्य...

नव निर्माण के नौ वर्ष,योगी सरकार का प्रदेशभर में 9 दिवसीय भव्य आयोजन

242
0

उत्तर प्रदेश सरकार ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में 9 दिवसीय भव्य आयोजन करने जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत 26 मार्च तक सभी जनपदों में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिनमें प्रदेश के विकास और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

सरकार द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में मेले, प्रदर्शनी, संवाद सत्र, रोजगार मेलों और सम्मान समारोहों का आयोजन शामिल रहेगा। इन आयोजनों के माध्यम से आम जनता को सरकारी योजनाओं के लाभ, उपलब्धियों और भविष्य की विकास रणनीतियों से अवगत कराया जाएगा।

इस आयोजन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। साथ ही, कार्यक्रमों के समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना और प्रदेश के समग्र विकास को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्य सचिव की ओर से सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि यह अभियान व्यापक और सफल तरीके से आयोजित किया जा सके।