खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का शनिवार को रुड़की में विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए विधायक प्रदीप बत्रा द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि पहली बार विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का काम करती हैं। विधायक ने इस दौरान नेहरू स्टेडियम की बदहाली को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि जब सरकार द्वारा स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है, तो फिर उस धन के उपयोग में लापरवाही क्यों बरती जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का आयोजन युवा कल्याण विभाग, रुड़की के तत्वावधान में किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।



