बरेली बवाल मामले के एक अहम गवाह की हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बारादरी थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पीलीभीत के कुख्यात गैंगस्टर और सुपारी किलर फुरकान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने किया। अधिकारियों ने बताया कि 26 सितंबर 2025 को हुए बरेली बवाल में मो. फिरदौस खां उर्फ अजुम ने पुलिस के सामने दंगाइयों की पहचान कर अहम गवाही दी थी। इसी से नाराज कुछ लोगों ने उन्हें डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा पहले फिरदौस से 10 लाख रुपये की मांग की गई और बाद में 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने की धमकी दी गई। इसके बाद फिरदौस के परिजनों को अनजान नंबरों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। शिकायत मिलते ही बारादरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने नकटिया इलाके से आरोपी फुरकान को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वह कैंट क्षेत्र में चाय का खोखा चलाने के बहाने इलाके की रेकी कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और नकदी बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





