Home Crime अधेड़ की हत्या कर गोमती नदी में फेंका शव, पुलिस ने गोताखोरों...

अधेड़ की हत्या कर गोमती नदी में फेंका शव, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किया बरामद

54
0

अमेठी। जनपद के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा खेमऊ के पूरे मल्हान गांव में हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर शव को गोमती नदी में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी से शव बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान रमेश कुमार मल्लाह (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह टेंपो चालक था और परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार रमेश बीती रात गांव के समीप स्थित एक अन्य गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान वह कुछ साथियों के साथ शराब पीने चला गया, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान अज्ञात लोगों ने रमेश की हत्या कर दी और उसका शव गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर गोमती नदी में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास खून के निशान और एक चप्पल देखी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची शुकुल बाजार थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में जाल डलवाया, जिसके बाद रमेश का शव बरामद किया गया। घटनास्थल पर खून के निशान, चप्पल और मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना, शुकुल बाजार थाना पुलिस एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, गांव में घटना को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here