उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद सामने आए आंकड़ों ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। करीब 2.89 करोड़ वोटों के कटने के दावे के बाद समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच वोटों की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। एक तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘पीडीए प्रहरी’ को अलर्ट मोड में रहने का संदेश दिया है, तो दूसरी तरफ बीजेपी ने हर बूथ पर वोट बढ़ाने का अभियान तेज कर दिया है। SIR के नए आंकड़े सामने आते ही भाजपा पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों को बूथवार वोट बढ़ाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत अब एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही रह सकेंगे, इसी के हिसाब से रणनीति बनाई जा रही है।
बीजेपी का बूथ लेवल मिशन
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि हर बूथ पर 100 से 200 नए वोट जोड़े जाएं। अगले एक महीने तक प्रदेश भर में यह अभियान चलेगा। इस मिशन में विधायकों-सांसदों के साथ-साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों को भी लगाया गया है। प्रदेश में मौजूद 1,77,516 बूथों पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है।
अखिलेश यादव भी एक्शन मोड में
SIR के आंकड़ों के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मतदाताओं और ‘पीडीए प्रहरी’ को संबोधित करते हुए वोट बचाने की अपील की। अखिलेश यादव ने लिखा कि पीडीए समाज के वोट काटने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तमाम प्रयासों के बावजूद अब भी करोड़ों वोट काटे जा चुके हैं। उन्होंने ‘पीडीए प्रहरी’ से हर बूथ पर गहन जांच-पड़ताल करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि “एक भी वोट न कटे, एक भी वोट न घटे।”
वोटर लिस्ट को बताया नागरिकता की पहचान
अखिलेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम होना ही नागरिक होने की सबसे बड़ी पहचान है। अगर वोटर लिस्ट से नाम हटा दिया गया, तो आगे चलकर राशन कार्ड, सरकारी योजनाएं, जाति प्रमाणपत्र, नौकरी-आरक्षण, बैंक खाते, बीमा, लाइसेंस, जमीन-मकान और अन्य दस्तावेजों पर भी खतरा पैदा हो सकता है। कन्नौज सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कोई भी ऐसा कानून ला सकती है, जिससे लोगों के अधिकार, संपत्ति और पहचान छीन ली जाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सतर्क रहें और अपना वोट जरूर बनवाएं।
‘पीडीए सरकार’ की अपील
अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है—चाहे वोट कटवाने की रणनीति ही क्यों न हो। उन्होंने इसे चेतावनी बताते हुए मतदाताओं से भाजपा को सत्ता से हटाने और ‘पीडीए सरकार’ बनाने की अपील की।





