उत्तर प्रदेश में उद्योग और निवेश के अनुकूल माहौल का सकारात्मक असर अब बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के रूप में सामने आ रहा है। इसी कड़ी में अशोक लीलैंड के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए द्वार खोलने वाला साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए गए औद्योगिक सुधारों और निवेश प्रोत्साहन नीतियों के चलते यह प्लांट न केवल औद्योगिक विकास का प्रतीक बनकर उभरा है, बल्कि प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों युवाओं की आजीविका से भी जुड़ रहा है।

अशोक लीलैंड के इस प्लांट से लगभग 1000 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। वहीं, इससे जुड़े सहायक उद्योगों, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर और एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से 2000 से अधिक युवाओं को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इस तरह यह परियोजना हजारों परिवारों की आर्थिक मजबूती का आधार बनेगी।
कंपनी जल्द ही उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू करने जा रही है, जिसके तहत प्रतिवर्ष 10,000 युवाओं को स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक, मशीन संचालन और औद्योगिक दक्षता का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे भविष्य के बेहतर रोजगार के लिए तैयार हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते पौने नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। निवेश आधारित रोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार ने अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार की मजबूत गारंटी दी है।
श्रम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2016 से 26 दिसंबर 2025 तक प्रदेश में
30,219 फैक्ट्रियां पंजीकृत हुईं इसके अतिरिक्त, विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) में 96 इकाइयां पंजीकृत की गई हैं। वहीं, इन्वेस्ट यूपी के सारथी पोर्टल पर अब तक करीब 23,000 एमओयू साइन हो चुके हैं, जिनसे लगभग 90 लाख रोजगार सृजन की संभावना जताई गई है। अशोक लीलैंड का प्लांट इन्हीं एमओयू का धरातल पर उतरा हुआ उदाहरण है।
अशोक लीलैंड का यह प्लांट उत्तर प्रदेश को ऑटोमोबाइल और कमर्शियल वाहन निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी ज्ञान, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और मशीनरी संचालन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर मिलेंगे।



