Home Uttar Pradesh एएनटीएफ यूनिट झांसी की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की अवैध मार्फीन के...

एएनटीएफ यूनिट झांसी की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की अवैध मार्फीन के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

101
0

मध्यप्रदेश-राजस्थान से यूपी में हो रही थी मादक पदार्थों की सप्लाई

लखनऊ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में अब महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। राजधानी लखनऊ में दिसंबर 2025 में इनामी महिला तस्कर नसरीन की गिरफ्तारी के बाद अब एएनटीएफ यूनिट झांसी ने एक और बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक किलो 50 ग्राम अवैध मार्फीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

नवाबाद थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

एएनटीएफ को मध्यप्रदेश और राजस्थान से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मार्फीन की सप्लाई की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद एएनटीएफ यूनिट झांसी के उपनिरीक्षक चंदन पांडेय के नेतृत्व में टीम ने नवाबाद थाना पुलिस के सहयोग से कोछाभार क्षेत्र में घेराबंदी कर एक महिला सहित दो तस्करों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम
उकार लाल पुत्र करण सिंह
लीलाबाई पत्नी बापू लाल
बताए। दोनों आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले के थाना घाटौली क्षेत्र स्थित गिरधरपुरा गांव के निवासी हैं।

एक किलो से ज्यादा मार्फीन समेत कई अहम दस्तावेज बरामद

एएनटीएफ टीम ने आरोपियों के कब्जे से
1 किलो 50 ग्राम अवैध मार्फीन
एक मोबाइल फोन
आधार कार्ड
पैन कार्ड
बैंक डेबिट कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
7,400 रुपये नकद
बरामद किए हैं। बरामद मार्फीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

संगठित गिरोह के जरिए होती थी सप्लाई

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो राजस्थान और मध्यप्रदेश से मार्फीन लाकर गाजीपुर, वाराणसी, झांसी समेत यूपी के कई जिलों में सप्लाई करता है। आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे।

महिलाओं की आड़ में तस्करी का खुलासा

आरोपियों ने बताया कि वे जानबूझकर महिलाओं को साथ लेकर मादक पदार्थों की तस्करी करते थे, ताकि किसी को शक न हो। यह तरीका पुलिस और एजेंसियों की नजर से बचने के लिए अपनाया जा रहा था।

पहले भी पकड़ी जा चुकी है इनामी महिला तस्कर

गौरतलब है कि इससे पहले 10 दिसंबर 2025 को यूपी एसटीएफ ने लखनऊ के मदेयगंज क्षेत्र से 50 हजार रुपये की इनामी महिला तस्कर नसरीन को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे मामलों से यह साफ हो रहा है कि मादक पदार्थ तस्कर अब महिलाओं को आगे कर नेटवर्क चला रहे हैं।

आगे की जांच में जुटी एएनटीएफ

एएनटीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।