राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और विचार आज भी युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां टेलर नहीं, बल्कि चरित्र व्यक्ति को जेंटलमैन बनाता है। युवा अपनी ताकत और प्रतिभा को पहचानें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की धरती पर जन्म लेकर न सिर्फ दुनिया को भारतीय संस्कृति से परिचित कराया, बल्कि भारत की वास्तविक ताकत का अहसास भी वैश्विक मंच पर कराया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब भी स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और आत्मविश्वास के बल पर दुनिया के सामने भारत का परचम लहराया। शिकागो सम्मेलन में बिना आमंत्रण, सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने ओजस्वी विचारों से सभी को प्रभावित किया। “सिस्टर्स एंड ब्रदर्स” कहकर पूरे विश्व को एक परिवार मानने की भावना आज भी भारत की पहचान है।
ब्रजेश पाठक ने युवाओं से अपील की कि वे केवल अंकों और मार्कशीट के पीछे न भागें, बल्कि अपने कौशल, चरित्र और आत्मविश्वास को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भारत की भूमि उर्वरा है और यहां के युवाओं ने हमेशा वैश्विक चुनौतियों को स्वीकार कर सफलता हासिल की है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत और उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा, “युवा केवल अवसर ढूंढने वाला नहीं, बल्कि अवसर बनाने वाला बन रहा है। सरकार का काम मंच देना है, युवाओं की प्रतिभा अपना रास्ता खुद तलाश लेती है।” उन्होंने युवाओं से अनुशासन, कौशल और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी पहचान को प्रदेश व देश की पहचान से जोड़ने का आह्वान किया।




