बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान और मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी दादा साहेब फाल्के की बायोपिक पर काम कर रहे हैं। काफी समय से यह फिल्म टली हुई थी, क्योंकि आमिर खान को इसकी स्क्रिप्ट पूरी तरह पसंद नहीं आई थी। उन्होंने स्क्रिप्ट में बदलाव की सलाह दी थी, जिसके बाद इसे दोबारा लिखा जा रहा था।
अब इस फिल्म को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और हिरानी दोनों चाहते हैं कि यह फिल्म भावनात्मक रूप से दर्शकों से जुड़े, साथ ही इसके ऐतिहासिक पहलू भी सही तरीके से दिखाए जाएं। स्क्रिप्ट में ह्यूमर और गंभीरता के बीच बेहतर संतुलन बनाने पर काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि फरवरी तक स्क्रिप्ट का फाइनल ड्राफ्ट तैयार हो जाएगा और मार्च के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।
Also Read- गैंगस्टर एक्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट से अब्बास अंसारी को बड़ी राहत
इससे पहले रिपोर्ट आई थी कि आमिर खान को लगा था कि स्क्रिप्ट में सिनेमाघरों में रिलीज के लिए जरूरी एंटरटेनमेंट एलिमेंट्स की कमी है। उन्हें कॉमेडी और इमोशन का बेहतर मिश्रण चाहिए था, इसलिए उन्होंने स्क्रिप्ट को दोबारा लिखने का सुझाव दिया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आमिर खान जल्द ही कॉमेडी फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ में नजर आएंगे, जो 16 जनवरी को थिएटर्स में रिलीज होगी। इसके अलावा उनके ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल और अपने ड्रीम प्रोजेक्ट महाभारत पर भी काम करने की खबरें हैं।


