गोरखपुर महोत्सव में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की परफॉर्मेंस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उनके जन्मदिन का केक काटने के बाद भीड़ बेकाबू हो गई, हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं, इस दौरान मची भगदड़ में कई लोग घायल हो गए, जबकि दर्जनों कुर्सियां टूट गईं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, गोरखपुर महोत्सव के दूसरे दिन यानी 12 जनवरी की रात पवन सिंह की प्रस्तुति आयोजित की गई थी, उनके साथ मंच पर अभिनेता और सांसद रवि किशन भी मौजूद थे, कार्यक्रम के दौरान जब पवन सिंह के जन्मदिन का केक काटा गया, तभी स्टेज के सामने मौजूद भीड़ अनियंत्रित हो गई और आगे बढ़ने लगी।
भीड़ को रोकने के प्रयास में पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया, इसी बीच पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कई कुर्सियां उखड़ गईं और टूट गईं। भागदौड़ के दौरान लोग एक-दूसरे पर गिरते नजर आए।
इस अफरा-तफरी का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ा, जिन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई।
गौरतलब है कि गोरखपुर महोत्सव 11 जनवरी से शुरू हुआ है और यह तीन दिवसीय आयोजन है, महोत्सव का समापन आज यानी 13 जनवरी को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3 से 4 बजे के बीच लोगों को संबोधित करेंगे, इसके बाद रात में बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपनी परफॉर्मेंस देंगे।





