राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश सचिव अफसर अली पर उनके ही सगे भतीजे ने जानलेवा हमला कर दिया। पुरानी रंजिश और संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में भतीजे उबेद ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें अफसर अली के सीने में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि अफसर अली वर्तमान समय में अपने परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं। वह एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। घटना कुर्सी थाना क्षेत्र के बहरौली मजरा लोहारा गांव की है। अफसर अली गांव में एक दुकान के पास जल रही आग के पास बैठे कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। उसी समय वहां पहुंचे उनके सगे भतीजे उबेद ने अचानक तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली सीधे अफसर अली के सीने में जा लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही CO जगतराम कनौजिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अफसर अली को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफसर अली और उनके भतीजे उबेद के बीच पहले से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।





