Home Uttrakhand मकर संक्रांति पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, कड़ाके की ठंड और...

मकर संक्रांति पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

60
0

आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर की पैड़ी समेत गंगा घाटों पर पहुंचकर पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड और चारों ओर छाए घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नजर नहीं आई।

मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश करते हैं और इसी के साथ सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण हो जाते हैं। इस खगोलीय परिवर्तन को ऋतु परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है और आज से सूर्य का ताप धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान, तिल और खिचड़ी के दान का विशेष महत्व होता है।

श्रद्धालुओं का मानना है कि आज के दिन गंगा में स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, पितरों को शांति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। मकर संक्रांति स्नान पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए घाटों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का विशेष महत्व है और इस पर्व पर हरिद्वार में गंगा स्नान को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। यही कारण है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मकर संक्रांति पर हरिद्वार में श्रद्धा, आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

https://itreesoftwares.in/filmitics/a-wave-of-faith-surged-at-the-magh-mela-in-prayagraj-with-lakhs-of-devotees-taking-a-holy-dip/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here