उत्तर प्रदेश सरकार के सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो झांसी मंडल के ललितपुर दौरे के दौरान का बताया जा रहा है, जहां मंत्री एक प्रशासनिक अधिकारी के पैर छूने के लिए झुकते नजर आ रहे हैं।वायरल वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है
दरअसल, झांसी मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे एनएच-44 स्थित केलगुवां चौराहा पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। मंडलायुक्त के आगमन की सूचना मिलने पर सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, ललितपुर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण स्थल पर मंत्री मन्नू कोरी हाथ में फूल-माला लेकर मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे के पास पहुंचे और उनका स्वागत करने लगे। इसी दौरान मंत्री मंडलायुक्त के पैर छूने के लिए झुक गए। यह देखकर मंडलायुक्त ने तत्काल उन्हें रोकते हुए दोनों हाथ जोड़ लिए।
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि मंत्री जिस माला को मंडलायुक्त को पहनाने के लिए लाए थे, उसे मंडलायुक्त ने स्वयं मंत्री के गले में डाल दिया। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि मुस्कुराते नजर आए। इस मौके पर डीएम ललितपुर सत्यप्रकाश और एसपी मोहम्मद मुश्ताक भी मौजूद थे। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे है


