एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला ने साल 2025 में सिर्फ 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी अचानक मौत से परिवार और फैंस को गहरा सदमा लगा। आज भी लोगों के लिए यह मानना मुश्किल है कि शेफाली अब इस दुनिया में नहीं हैं।उनके पति पराग त्यागी अब भी इस दुख से उबर नहीं पाए हैं। वह लगातार अपनी पत्नी को याद करते रहते हैं और उनकी याद में उन्होंने यूट्यूब चैनल और पॉडकास्ट भी शुरू किया है। पराग अपनी जिंदगी को शेफाली की यादों और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने में लगा रहे हैं।
शेफाली पर काले जादू का आरोप
इसी बीच पराग त्यागी ने शेफाली की मौत को लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया है। पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान पराग ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि शेफाली पर काला जादू किया गया था।पराग ने कहा कि बहुत से लोग इन बातों पर विश्वास नहीं करते, लेकिन वह खुद इन चीजों को मानते हैं। उनके मुताबिक, जहां भगवान होते हैं, वहां नकारात्मक शक्तियां भी होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग दूसरों की खुशी से दुखी हो जाते हैं।
Also Read- यूपी में माइक्रो इरिगेशन को बढ़ावा, गोरखपुर और संतकबीर नगर में बन रहीं पायलट परियोजनाएं
“मुझे महसूस होता था कुछ गलत है”
पराग ने बताया कि यह पहली बार नहीं था, बल्कि दूसरी बार उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि शेफाली के साथ कुछ गलत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब वह पूजा या भक्ति में बैठते थे, तो उन्हें अंदर से कुछ गड़बड़ होने का एहसास होता था। पराग का कहना है कि शेफाली को छूकर भी उन्हें महसूस हो जाता था कि कुछ ठीक नहीं है।उन्होंने बताया कि पहली बार चीजें संभल गई थीं, लेकिन दूसरी बार मामला ज्यादा गंभीर था। इसी वजह से उन्होंने पूजा-पाठ भी बढ़ा दिया था। पराग का दावा है कि वह सौ फीसदी यकीन से कह सकते हैं कि किसी ने यह सब किया था, हालांकि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते।
कर्मा पर भरोसा
पराग ने अंत में कहा कि इंसान अपने कर्मों के साथ ही दुनिया से जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में लोग भावनाओं से खेलते हैं, लेकिन अंत में इंसान खाली हाथ ही जाता है। पराग की बातें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं और लोग उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश कर रहे हैं।


