सोनभद्र। जिले के करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरा गांव में स्थित शिव मंदिर परिसर में आपत्तिजनक हरकत किए जाने के आरोप के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव मंदिर परिसर में दूसरे समुदाय के चार से पांच युवकों द्वारा अमर्यादित व्यवहार किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तीन आरोपी नाबालिग, दो की तलाश जारी
एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं और पूरे मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुल पांच आरोपी बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया।
तनाव को देखते हुए मंदिर परिसर और पूरे गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। मौके पर एडीएम रोहित यादव, एएसपी अनिल कुमार, सीओ घोरावल राहुल पांडेय, तहसीलदार अमित कुमार सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि यह शिव मंदिर लंबे समय से गांव की आस्था का केंद्र रहा है। पहले यह मंदिर तालाब के पास स्थित था, लेकिन पूर्व में हुई घटनाओं के बाद इसे आबादी क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया। इसी क्रम में तालाब की जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत सामने आई। ग्रामीणों की शिकायत पर एडीएम के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नपाई शुरू कराई। नपाई होते ही अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया और कुछ लोगों ने स्वयं ही कब्जा हटाना शुरू कर दिया। मौके पर बुलडोजर भी पहुंचाया गया, जिससे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती जारी है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





