लखनऊ | लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में सामने आया हत्याकांड रिश्तों, भरोसे और लालच के खतरनाक टकराव की कहानी बन गया है। गांव के बाहर सरसों के खेत में मिले महिला के मानव कंकाल ने पूरे इलाके को दहला दिया था, लेकिन अब इस सनसनीखेज मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस जघन्य हत्या के पीछे कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाला वही युवक निकला, जिस पर मृतका भरोसा करती थी और जो रिश्ते में उसका भतीजा समान था।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम-रिश्ते और शादी को लेकर उपजे विवाद ने आरोपी को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने रिश्तों की मर्यादा तोड़ते हुए महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सरसों के खेत में फेंक कर फरार हो गया। कई हफ्तों तक यह मामला रहस्य बना रहा, लेकिन सर्विलांस, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से नगराम पुलिस ने न सिर्फ कातिल तक पहुंच बनाई, बल्कि हत्या से जुड़े अहम सबूत भी बरामद कर लिए।
सरसों के खेत से मिले कंकाल ने खोले राज
7 जनवरी 2026 को नगराम क्षेत्र के कुबरहा गांव के बाहर सरसों के खेत में एक महिला का मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, तभी गांव निवासी पीतांबरा ने कंकाल में लिपटी साड़ी के आधार पर शव की पहचान अपनी 30 वर्षीय पत्नी पूनम के रूप में की।
सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से खुली साजिश
यह मामला नगराम पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी जांच और स्थानीय मुखबिरों की मदद से कड़ी दर कड़ी जोड़ी और आखिरकार हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। जांच के बाद पुलिस ने कुबरहा गांव निवासी आशीष कुमार रावत को गिरफ्तार कर लिया।

शादी से इनकार बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी आशीष ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतका पूनम ने उससे अपनी बड़ी बहन की बेटी की शादी कराने का वादा किया था। लेकिन बाद में परिवार ने रिश्ता कहीं और तय कर दिया, जिससे वह गहरे आक्रोश और नाराजगी में था।
12 दिसंबर को रची गई थी हत्या की साजिश
आरोपी ने स्वीकार किया कि 12 दिसंबर 2025 को उसने पूनम को बहाने से गांव के ही रहने वाले हंसराज की आम की बाग में बातचीत के लिए बुलाया। वहां कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने पूनम का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के सरसों के खेत में फेंक कर फरार हो गया।

जेवरात बने अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का पायल, लॉकेट और टूटी चूड़ियां बरामद की हैं, जो हत्या की कड़ी में अहम सबूत माने जा रहे हैं।
पहले दर्ज थी गुमशुदगी
मृतका के पति पीतांबरा ने घटना के बाद नगराम थाने में पूनम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसी आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही थी।
पुलिस ने भेजा आरोपी को जेल
नगराम पुलिस ने इस जघन्य हत्या का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य मजबूत हैं और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।





