Home Breaking News मुजफ्फरनगर: बहू के आरोपों से आहत 55 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के...

मुजफ्फरनगर: बहू के आरोपों से आहत 55 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

23
0

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 55 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बहू द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों से मानसिक रूप से बेहद आहत था और बदनामी के डर से उसने यह कदम उठाया।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाजीपुर की है, यहां रहने वाले 55 वर्षीय इस्तकार ने सोमवार को अपने घर के पास स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के छोटे बेटे राजा की कुछ समय पहले खतौली निवासी नाजमा से शादी हुई थी, शादी के कुछ दिनों बाद ही नाजमा ने अपने पति राजा पर तीन तलाक और ससुर इस्तकार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, इन आरोपों के चलते समाज में बदनामी और मानसिक तनाव से गुजर रहे इस्तकार गहरे डिप्रेशन में थे।

4–5 दिन पहले मायके पक्ष का घर आना बताया जा रहा कारण

मृतक के पड़ोसी मोहम्मद मुंतजिर ने बताया कि इस्तकार बेहद सज्जन और मिलनसार व्यक्ति थे, उन्होंने कहा कि लगभग चार-पांच दिन पहले बहू के मायके पक्ष के लोग घर आए थे। पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद बहू को मायके ले जाया गया और बाद में थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया।

पड़ोसी का आरोप है कि मृतक को लगातार फोन कर धमकाया जा रहा था और 30 लाख रुपये की मांग की जा रही थी, अन्यथा पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही थी। इसी मानसिक दबाव के चलते इस्तकार ने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस कर रही है हर पहलू से जांच

इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इस्तकार नामक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, फिलहाल इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here